ग्रेटर नोएडा के थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी सहेली सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मृतक महिला ब्याज पर रुपये देने का काम करती थी
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) रणविजय सिंह ने बताया कि थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में रहने वाली एक महिला शशि (40) को 16 जुलाई को उसके घर से उसकी सहेली अंजलि बुलाकर ले गई थी। उन्होंने बताया कि अंजलि ने अपने पति विरेंदर, देवर दिनेश तथा ससुर के साथ मिलकर शशि की गला दबाकर हत्या कर दी तथा शव को हापुड़ के सिंभावली के पास गंग नहर में फेंक दिया था।
उन्होंने बताया कि 18 जुलाई को हापुड़ जिला पुलिस ने महिला के शव को बरामद किया था। उन्होंने बताया कि आरोपी अंजलि ने इस मामले में पुलिस को बताया था कि 18 जुलाई को उसका कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया था। उन्होंने बताया कि शक होने पर पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की।
सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने शशि से लाखों रुपये का कर्ज लिया था। शशि ब्याज पर पैसे देने का काम करती थी। पैसे वापस नहीं करने की नीयत से उसने अपने पति, देवर और ससुर के साथ मिलकर साजिश रची तथा उसे घर से अपने साथ ले गई और उसकी हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अंगूठे का क्लोन बनाकर दोस्त के खाते से सवा पांच लाख रुपये निकालने वाला गिरफ्तार
वहीं, ग्रेटर नोएडा के ही जेवर थाना पुलिस ने दोस्त को धोखा देकर उसके खाते से 5,24,000 रुपये निकालने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। उक्त आरोपी ने अपने दोस्त के अंगूठे का क्लोन बनाकर उसके खाते से पैसे निकाल लिए थे।
