यूपी के हरदोई जिले में बुधवार को कचहरी परिसर के पास महिला की एक हरकत के चलते हड़कंप मच गया। महिला की हरकतों को देखते ही पुलिसकर्मी मौके पर भाग पड़े। इसके बाद महिला को रोका गया। दरअसल एसपी कार्यालय से चंद कदमों की दूरी पर पुलिस क्लब के परिसर में खड़े एक पेड़ से पीड़ित महिला ने अपनी ही साड़ी से फांसी का फंदा लगा लिया। यह देखकर आसपास मौजूद लोगों ने दौड़कर उसे नीचे से उठा कर पकड़ लिया। इससे उसे फांसी लगाने से बचाया जा सका। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक पुलिसकर्मी ने उसको नीचे उतारा।
यह पीड़ित महिला पिहानी थाना क्षेत्र के बूढ़ा गांव की है। उसने अपना नाम प्रमिला बताया जो बिहार प्रांत के जनपद जमुई थाना जमुई के गांव अमृतपुर की रहने वाली है । उसने बताया किकरीब 15 वर्ष पहले उसकी शादी पिहानी थाना के बड़ा गांव निवासी विनोद के साथ हुई थी। उसके दो पुत्री हैं। एक पुत्री 7 वर्ष की है। दूसरी पुत्री 5 वर्ष की है। उसका कहना है कि उसका पति विनोद उसे बिना बताए कहीं चला गया है। उससे बात नहीं कर रहा है जबकि अपने माता-पिता से बातें कर रहा है। सास, ससुर देवर उसे आए दिन मारते पीटते हैं। उसे घर से भगाने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़ित महिला का यह भी कहना है कि उसने स्थानीय थाने पर शिकायत की लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उसने एसपी ऑफिस कार्यालय पहुंच कर भी शिकायत की है। लेकिन कोई सटीक कार्रवाई नहीं हो रही है। इसी वजह से उसने अब फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
