मां के साथ मारपीट करता देख बड़े भाई ने छोटे भाई की चाकू घोंपकर हत्या की

by Kakajee News

मां के साथ छोटे भाई को मारपीट करता देख बड़े भाई ने उसपर चाकू से ताबड़तोड़ आधा दर्जन वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोपी भाई ने उसकी पीठ, जांघ, गाल और अन्य जगहों पर चाकू से बेहद गहरे घाव किए। बड़े भाई द्वारा छोटे भाई की हत्या करने की यह सनसनीखेज वारदात राजधानी के मादीपुर इलाके में शनिवार देर रात हुई। पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है। शुरूआती जांच में पता चला कि मारा गया शख्स शराब पीने का आदी था और नशे में वह अक्सर परिवार के सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करता था। बहरहाल आरोपी से पूछताछ कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मारा गया शख्स 35 वर्षीय संजय मादीपुर जेजे कालोनी का रहने वाला था। वह जूता बनाने की फैक्ट्री में काम करता था। शनिवार देर रात करीब दो बजे पुलिस को गुरू गोविंद सिंह अस्पताल से एक युवक को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची तो पता चला कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। बहराहल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच आरंभ की। इस दौरान पुलिस जब संजय के घर पहुंची तो यह पता चला कि वह शराब पीने का आदी था और नशे में अक्सर परिजनों के साथ दुर्व्यवहार करता था और विरोध करने पर मारपीट भी करता था।

जानकारी के मुताबिक शनिवार रात भी वह शराब पीकर घर आया और माता-पिता से झगड़ने लगा था। झगड़े की जानकारी जब पश्चिमपुरी में रहने वाले उसके बड़े भाई देवेंद्र को मिली तो वह घर पहुंचा। घर पहुंचने पर उसने देखा कि संजय मां की पिटाई कर रहा है। इसपर देवेंद्र ने पहले तो संजय को हटाने की कोशिश की लेकिन वह हटने की बजाए उससे ही झगड़ा करने लगा तो देवेंद्र ने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से संजय पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू लगने से संजय वहीं गिर गया। उधर वारदात के बाद देवेंद्र मौके से फरार हो गया। परिवार के सदस्यों ने संजय को अस्पताल में भर्ती करायाख् जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच आरंभ की। इसके बाद कई जगहों पर छापेमारी कर रविवार को आरोपी देवेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।

Related Posts

Leave a Comment