100 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी, 150 CCTV फुटेज खंगाली और 400 लोगों से पूछताछ, ऐसे पकड़ा मां की हत्या का आरोपी बेटा

by Kakajee News

दिल्ली के मुंडका इलाके में कथित तौर पर अपनी मां की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 34 वर्षीय संदीप नामक आरोपी सात दिन से फरार था।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि कथित तौर पर एक सितंबर को संदीप और उसकी मां के बीच कहासुनी हो गई थी जिसके बाद उसने मां की हत्या कर दी थी। इसके बाद से वह भागता फिर रहा था। अधिकारी ने कहा कि आरोपी पहले वाहन चालक का काम करता था, लेकिन कुछ दिनों से बेरोजगार था। उसे शराब की लत लग गई थी जिसके कारण उसकी 55 वर्षीय मां रोशनी परेशान रहती थी।

अधिकारी ने कहा कि घटना की रात को संदीप की मां और उसके बीच बहस हुई जिसके बाद आरोपी ने नियंत्रण खो दिया और मां पर गोली चला दी जो उनके गले को चीरते हुए निकल गई।

पुलिस उपायुक्त (बाहरी) परविंदर सिंह ने कहा कि सौ से ज्यादा जगहों पर छापेमारी, 150 सीसीटीवी फुटेज की जांच और 400 से ज्यादा लोगों से पूछताछ के बाद संदीप को सात सितंबर को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने कहा कि संदीप की 2013 में ऋतु नामक महिला से शादी हुई थी और उसकी पांच साल की बेटी भी थी। शादी के कुछ दिन बाद ही संबंध बिगड़ गए और ऋतु अपने माता-पिता के साथ रहने चली गई, जबकि बच्ची संदीप और उसकी मां के साथ रहती थी।

अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान सामने आया कि ड्राइवर के तौर पर संदीप की नौकरी जाने के बाद वह शराब का आदी हो गया था, जिसे लेकर आए दिन उसकी मां के साथ बहस होती थी। अधिकारी ने कहा कि संदीप ने भागने से पहले अपना फोन छोड़ दिया था ताकि उसकी लोकेशन का पता न चल सके। उन्होंने बताया कि इस मामले में दो देशी हथियार, एक डमी पिस्तौल, 13 कारतूस बरामद किए गए हैं।

Related Posts

Leave a Comment