34 लाख के गांजा के साथ 2 पकड़ाए, ओडिसा से छत्तीसगढ़ होते हुए यूपी ले जाया जा रहा था गांजा

by Kakajee News

छत्तीसगढ में एक बार फिर पुलिस ने गांजा तस्करों को पकड़ा है। इस बार पुलिस ने बस्तर में जगदलपुर-ओडिशा सीमा पर मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर 2 आरोपियों को 34 लाख रुपए के गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से 680 किलो गांजा जब्त किया गया है। आरोपियों ने बताया है कि वे यह गांजा ओडिशा से ले जाकर छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाने वाले थे। ये कार्रवाई नगरनार पुलिस ने की है।

मंगलवार को नगरनार पुलिस को सूचना मिली कि कुछ गांजा तस्कर ओडिशा की तरफ से गांजा लेकर आने वाले हैं। जिसके बाद पुलिस की टीम को जगदलपुर-ओडिशा सीमा पर भेजा गया। टीम से कहा गया कि मौके पर मोबाइल चेक पोस्ट लगाया जाए और आरोपियों को पकड़ा जाए। पुलिस मोबाइल चेक पोस्ट सुचना एकत्रित करने,अवैध तरीके से होने वाली गतिविधियों को रोकने और किसी भागते हुए गाड़ी को पकड़ने जैसे काम के लिए लगाती है।

पुलिस की टीम ने मौके पर मोबाइल चेक पोस्ट लगाया हुआ था। उस दौरान पुलिस ने कई गाड़ियों से भी पूछताछ की। इसी दौरान एक ट्रक ओडिशा की तरफ से आ रही थी। उसे भी पुलिस ने रोका और पूछताछ की। पूछताछ में ट्रक सवार आरोपियों ने अपना नाम उमाशंकर (29) और सत्यवीर सिंह (30) बताया है। दोनों ने बताया कि वे उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले हैं।

दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने ट्रक की भी तलाश ली। इसमें पुलिस को 680 किलो गांजा मिला है। दोनों ने बताया कि वे यह गांजा ओडिशा से लेकर आ रहे थे। इस गांजे को वे उत्तर प्रदेश में खपाने की फिराक में थे। पुलिस ने गांजे से भरी ट्रक के अलावा उमाशंकर और सत्यवीर सिंह से एक ट्रक, 2 मोबाइल और 3 ATM कार्ड भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Posts

Leave a Comment