भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। राजधानी के एमपी नगर क्षेत्र में एक मकान में किराये से रहने वाली 24 साल की किरण मेंडोरिया ने मंगलवार दोपहर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतका के पास से सुसाइड नोट नहीं मिला है। इस वजह से फिलहाल खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एमपीनगर थाने की एसआइ श्वेता शर्मा ने बताया कि किरण किसी ब्यूटी पार्लर में काम किया करती थी। करीब एक साल से वह किराये के मकान में रह रही थी। मंगलवार दोपहर को उसके मकान मालिक किसी काम से उसके घर पर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब गेट नहीं खुला तो उन्होंने खिड़की से झांककर देखा। कमरे में किरण फांसी पर लटकी थी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भिजवाया। बुधवार को किरण का पोस्टमार्टम किया गया। उसके मां और पिता भी आ चुके हैं।
पति लापताएसआइ श्वेता शर्मा का कहना है कि जांच में पता चला कि किरण ने किसी से शादी कर ली थी। किरण का पति घटना के बाद से नजर नहीं आया है। उसके बारे में पता किया जा रहा है। मृतका के स्वजनों को किरण की शादी की कोई जानकारी नहीं थी।
