रात के 2.30 बजे लगी आग, तीन बचाए गए, छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की बिल्डिंग में लगी आग

by Kakajee News

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सोमवार को कपड़े के एक शो रूम में आग लग गई। यह शो रूम शहर की एक चार मंजिला बिल्डिंग में है। इसी बिल्डिंग में एक होटल भी बना हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक खबर लिखे जाने तक तीन लोगों को बचाया गया था। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह बिल्डिंग शहर के कोतवाली पुलिस थाना एरिया में है। सुबह करीब 2.30 बजे यहां पर आग की लपटें देखी गईं। बिल्डिंग के ऊपरी तलों पर होटल है और निचले तल पर कपड़े का शोरूम है। हालांकि यह पता नहीं लग पाया है कि जिस वक्त आग लगी तब इस बिल्डिंग में कितने लोग थे। पुलिस का कहना है कि फिलहाल तीन लोगों को यहां से बाहर निकाला गया है। आशंका है कि शॉर्ट-सर्किट के चलते इस बिल्डिंग में आग लगी है। हालांकि पुलिस अभी असली वजह तलाश रही है।

मामले की होगी जांच
पुलिस के मुताबिक सूचना मिलते ही अग्निशमन दल को मौके पर भेज दिया गया। हालांकि आग पर पूरी तरह से नियंत्रण नहीं पाया जा सका है। जिले के एक प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि आग पर नियंत्रण के बाद मामले की पूरी तरह से छानबीन की जाएगी। गौरतलब है कि दुर्ग जिला राजधानी रायपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर है।

Related Posts

Leave a Comment