Fees Scam Indore । माता जीजाबाई शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय में फीस घोटाले को लेकर जांच तेज हो गई है। सोमवार को समिति ने बीते सत्र में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में प्रवेश करने वाली सभी छात्राओं के फीस से जुड़े दस्तावेज खंगाले। यहां तक कि सदस्यों ने कुछ महिला प्राध्यापकों से बंद कमरे में चर्चा की। इसे लेकर आपत्ति उठाई गई है। समिति पर जांच प्रभावित करने का आरोप लगा है। उधर प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े शिक्षक-कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा रहे है।
सत्र 2020-21 में पीजी कोर्स में प्रवेश लेने वाली एक दर्जन से ज्यादा छात्राओं से फीस वसूलकर कालेज की फर्जी रसीद थमाई गई है। छात्रा कनिष्का आर्य की शिकायत के बाद जुलाई में कालेज ने जांच की। कर्मचारी रहे अतुल गौड़ ने 71 हजार 700 रुपये जमा करवा दिए और पद से इस्तीफा दे दिया। तत्कालीन प्राचार्या डा. सुमित्रा वास्केल ने भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। अब उच्च शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच करवाने में लगी है। तीन सदस्य कमेटी की दूसरी बैठक सोमवार को बुलाई गई।
जहां कालेज से सत्र 2020-21 में प्रवेश लेने वाले सभी छात्राओं की जानकारी और दस्तावेज मांगे गए। सूत्रों के मुताबिक कुछ छात्राओं के दस्तावेज में गड़बड़ी मिली है। इन्हें जांच के लिए समिति ने अपने पास रख लिए है। यहां तक कुछ महिला प्राध्यापकों से बंद कमरे में चर्चा हुई। बताया जाता है कि उस दौरान ये महिला प्राध्यापक प्रवेश समिति में शामिल थी, जो इन दिनों जांच प्रभावित करने में लगी है। बताया जाता है कि महिला प्राध्यापक कर्मचारियों को बचा रही है। दो कर्मचारियों के बयान दर्ज किए है। बाकी लोगों से पूछताछ होना बाकी है। अतिरिक्त संचालक डा. सुरेश सिलावट ने कहा कि समिति की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
