झीरम जांच रिपोर्ट जस्टिस ने मुझे सौंपी, लीगल एडवाइजर की सलाह पर मैंने सरकार को दी : राज्यपाल उइके

by Kakajee News

झीरम घाटी न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट सौंपे जाने और भाजपा-कांग्रेस के आरोप-प्रत्यारोप के बीच राज्यपाल अनुसुईया उइके ने बड़ी बात कही। राज्यपाल ने कहा कि मैं कोई पोस्टमैन नहीं हूं, जो यहां से रिपोर्ट लेकर वहां पहुंचा दूं। रिपोर्ट में क्या है मुझे नहीं मालूम। उसे मैंने पढ़ा भी नहीं। रिपोर्ट मुझे क्यों सौंपी गई यह जस्टिस ही बता सकते हैं। उन्हें रिपोर्ट देना था तो सीधे दे देते। मैंने अपने लीगल एडवाइजर से इस मामले में बात की। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट सरकार को सौंप दी जाए, जिसके बाद रिपोर्ट शासन को भेज दी गई।

बता दें कि झीरम घाटी आयोग की रिपोर्ट हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने पिछले दिनों राज्यपाल अनुसुइया उइके को सौंपी थी। उसके बाद से इस मामले को लेकर प्रदेश में सियासत गर्म है। दोनों ही पार्टी के बड़े नेता लगातार इस मामले में बयानबाजी कर रहे हैं। रविवार को प्रदेश की राज्यपाल अनुसुईया उइके बिरसा मुंडा जयंती कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंची थीं। कार्यक्रम में शामिल होने के पहले उन्होंने मीडिया कर्मियों से चर्चा की। राज्यपाल ने बताया कि लीगल एडवाइजर की सलाह पर मैंने रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है।

चार दिन में 4 हजार पन्ने कोई कैसे पढ़े
छत्तीसगढ़ सरकार के प्रवक्ता रविंद्र चौबे और गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू द्वारा प्रेस कांफ्रेंस करके रिपोर्ट लीक होने की बात कहने पर राज्यपाल उइके ने कहा कि मुझे तो रिपोर्ट ओपन ही मिला है। रिपोर्ट भी 10 वॉल्यूम में 4 हजार 184 पन्नों का था। चार दिनों में कोई चार हजार पन्ने कैसे पढ़े। राज्यपाल ने कहा कि मुझे रिपोर्ट लीक वाली बात नहीं मालूम, क्योंकि रिपोर्ट मुझे मिली और मैंने सरकार को सौंप दी। यह वही बता सकते हैं जो लीक की बात कह रहे हैं।

Related Posts

Leave a Comment