Gwalior Crime News: ग्वालियर, सदर बजार (मुरार) में सोने-चांदी के शोरूम में चोर छत के रास्ते से रविवार की रात घुस गए। वे गल्ले में रखे 90 हजार रुपये व एक सोने की चेन चोरी कर ले गए। पुलिस ने पड़ताल के बाद आकाश जैन की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। चोरों की पहचान करने के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देख रही है।
उपनगर मुरार निवासी आकाश पुत्र महावीर जैन का सदर बाजार में उदय ज्वेलर्स के नाम शोरूम है। इनका साड़ी का भी कारोबार है। रविवार की रात शोरूम संचालक व कर्मचारी मंगल कर के गए थे। सोमवार की सुबह शोरूम का शटर उठाने पर सामान अस्त व्यस्त व गल्ला खुला मिला। प्रतिष्ठान में चोरी होने की सूचना आकाश जैन ने मुरार थाना पुलिस को दी। पुलिस भी पड़ताल करने के लिए पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि मुख्य शटर के ताले लगे हुए थे। चोर प्रतिष्ठान में छत के रास्ते से दाखिल हुए है। चोर दुकान में से 90 हजार रुपये व लगभग इतने ही कीमत की सोने की चेन चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने चोरों का सुराग लगाने के लिए पड़ताल शुरू कर दी है।
