सूरजपुर। सूरजपुर जिले में हाथियों का आतंक बदस्तूर जारी है, आज फिर 10 हाथियों के दल ने एक महिला सहित दो लोगों को मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन अमला मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों को 25000 सहायता राशि देकर जांच शुरू कर दी है।
पिछले 5 दिनों से 10 हाथियों का दल प्रेम नगर इलाके में उत्पात मचा रहा है, दरअसल कोरिया जिले से आए 10 हाथियों के दल ने अभी तक प्रेमनगर इलाके में दर्जनों मकान तोड़ दिए हैं और बड़ी संख्या में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग का दावा है कि वे लगातार ग्रामीणों को जागरूक कर रहे हैं और हाथियों के नजदीक न जाने की सलाह दे रहे हैं।
लेकिन कल देर रात लगभग 12 बजे यह हाथियों का अभयपुर गांव पहुंचा और घर में सो रहे मनबोध पर हमला कर दिया, हालांकि ग्रामीण ने भागने की कोशिश जरूर की लेकिन वह हाथी के चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे मामले में सुबह लगभग 5 बजे जनार्दनपुर गांव में हाथियों का दल पहुंचा और वहां घर में सो रही एक वृद्ध महिला को कुचल कर मौत के घाट उतार दिया।
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है, वहीं वन विभाग के अनुसार वे लगातार ग्रामीणों को समझाइश दे रहे थे कि जंगल से लगे घरों में ना रहे। यह दोनों घटनाएं जंगल से लगे मकान में हुई है। फिलहाल वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच में जुट गई है।
यहां देखिये वीडियो…
