मनेंन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के अंतर्गत आने वाले कुंवारपुर में रविवार की रात तेंदुए के हमले से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। जिसके बाद तेंदुए ने महिला का आधा हिस्सा खा भी लिया और बाकी बचे हुए शरीर के हिस्से को छोड़कर चला गया। इस घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार भरतपुर जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम गधौरा निवासी वृद्ध महिला फुलझरिया बाई 80 वर्ष देर रात जंगल के रास्ते अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान झाड़ियों में छुपे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। जिसके बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
आज सुबह वृद्ध महिला के परिजन उसकी खोजबीन में निकले थे इस दौरान जंगल में वृद्ध महिला का क्षत विक्षप्त शव मिला। आशंका जताई जा रही कि तंेदुए ने महिला को मौत के घाट उतारने के बाद उसके शरीर का आधा हिस्सा खाने के बाद वापस जंगल की ओर चला गया।
तेंदुए के हमले से वृद्ध महिला की मौत हो जाने के बाद वन विभाग ने वन क्षेत्र से लगे गांवों में कर्मचारियों को भेजकर मुनादी करवाकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। साथ ही साथ वन विभाग ने लोगों से जंगल की ओर जाने से मना किया जा रहा है। तेंदुआ अगर इस इलाके में है, तो वो गांव पहुंचकर मवेशियों को भी अपना शिकार बना सकता है। इसलिए रात में घरों में मशाल जलाकर रखने की सलाह भी वन विभाग ने दी है। फिलहाल महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
