नशे में वाहन चालन, पेड़ से टकराई ट्रेलर, बाल-बाल बची चालक की जान, कार्रवाई के अभाव में लगातार घट रही ऐसी घटनाएं

by Kakajee News

रायगढ़. पावर और औद्योगिक हब के रूप में विकसित हो चुके रायगढ़ जिले में भारी वाहनों की रेलमपेल के बीच वाहन चालकों के द्वारा नशे के हालत में वाहन चलाने के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं घटित हो रही है। पुलिस और यातायात विभाग के द्वारा शहरी क्षेत्र तथा आसपास के मार्गो में ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई तो हो रही है मगर शहर के बाहर प्रमुख मार्गो पर ऐसी मानिटरिंग और कार्रवाई के अभाव में इस तरह की घटनाएं लगातार घटित हो रही है। ऐसे ही एक मामले में तमनार क्षेत्र के खुरूसलेंगा मार्ग पर शराब के नशे में गाड़ी चला रहे ट्रेलर के चालक ने पेड पर वाहन को दे मारा। इस घटना में चालक की बाल-बाल जान बची है। मगर वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार के तड़के करीब 3 बजे तमनार क्षेत्र के खुरूसलेंगा लमडांड मार्ग पर ट्रेलर के चालक ने शराब के नशे में तेज गति से वाहन को दौड़ाते हुए लमडांड बस्ती के पास ट्रेलर को पेड से टकरा दिया। इस दुर्घटना में टेªलर क्रमांक ओआर 16 सी 7663 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं दुर्घटना में वाहन चालक की जान बाल-बाल बची है। उसे सामान्य चोट आने की जानकारी मिली है।


बताया जा रहा है कि उक्त वाहन जेएसपीएल तमनार से कोयला खाली कर वापस आ रहा था। गौरतलब रहे कि इसी मार्ग पर आगे एक स्कूल भी है, जहां कुछ दिनों पूर्व भी इसी तरह वाहन चालक के द्वारा तेज एवं लापरवाही वाहन चलाने के कारण भारी वाहन स्कूल के बाउण्ड्री वाल से टकरा गई थी और स्कूली छात्र बाल-बाल बचे थे।


यातायात और पुलिस विभाग को औद्योगिक क्षेत्र में लगातार घट रही ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिये कारगर और लगातार कार्रवाई करने की जरूरत है।

Related Posts

Leave a Comment