जांजगीर चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले के एक गांव में मछली मारने की बात पर उपजे विवाद के बाद पिता और उसके तीन पुत्रों ने मिलकर एक युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने आज आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उक्त मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र का है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जांजगीर चांपा जिले के अंतर्गत आने वाले महंत गांव के रहने वाले रामेश्वर प्रसाद डिगस्कर 38 की बेटी का गत 11 अपै्रल को जन्मदिन था। इस अवसर पर वह मंगलवार की रात तकरीबन साढ़े 11 बजे अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ तालाब में मछली मारने गया हुआ था। जिस तालाब में वह अपने साथियों के साथ मछली मारने गया था वहां पर ठेके पर मछली पालन किया जा रहा है। जिसकी रखवाली कर रहे लोगों ने उन्हें मछली पकड़ते देख दौड़ाया। इस दौरान रामेश्वर के तीनों दोस्त जैसे-तैसे मौके से भाग निकले परंतु वह भागने में सफल नही हो सका।
इसके बाद बुधवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में रामेश्वर की लाश बोरे में बरी हुई अवस्था में मिली। जिसके बाद परिजनों एवं ग्रामीणों ने नवागढ़ थाने की पुलिस को मामले की सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया तो उसके शरीर में मारपीट के निशान मिले और सिर में भी गंभीर चोट के निशान थे। हत्या के इस वारदात के बाद पूरे गांव में तनावपूर्ण की स्थिति निर्मित हो गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई जिसे देखते हुए सौ से अधिक पुलिस जवानों को यहां तैनात किया गया था।
इस घटना के बाद पुलिस ने पिता संतोष यादव 47 साल, पुत्र आकाश यादव 25 साल, प्रकाश यादव 23 साल और विकास यादव 19 साल को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ करने पर उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडे को बरामद कर लिया है। पुलिस ने आज आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उक्त मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र का है।
