जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतर जिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी कर गिरोह को दबोचा और उनके कब्जे से एक स्कॉर्पियो गाड़ी, ताला तोड़ने के उपकरण और 1280 लीटर डीजल जब्त किया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 13 लाख रुपये आंकी गई है।
दरअसल शिवरीनारायण थाने की पुलिस को डीजल चोरी की शिकायत मिल रही थी। जिसपर कार्रवाई के लिए योजना बनाई गई। इस दौरान बीती रात को 3 बजे जांजगीर-चांपा, सक्ती और रायगढ़ जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ट्रकों की टंकियों का ताला तोड़कर डीजल चोरी करता था। इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों दिलेश कुमार कुर्रे, अन्नू सांण्डे और विजय कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) सहित संगठित अपराध के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
