कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में बीते 24 घंटे से मानसूनी बारिश का दौर जारी है। सबसे ज्यादा बारिश जंगल व पहाड़ी क्षेत्र में हो रही है। ऐसे में यहां से निकलने वाले नदी-नाले उफान पर है। बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। वहीं, जिले के सहसपुर लोहारा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बड़ौदा खुर्द में पुल नहीं होने से ग्रामीणों व यहां से बाहर पढ़ाई करने के लिए जाने वाले स्कूली बच्चों की गंभीर समस्या बन गई है।
आज शनिवार को यहां के स्कूली बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर उफनती नदी पार किए है। सुबह यहां तेज बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ गया। तब स्कूली बच्चे घंटों तक नदी किनारे फंसे रहे। बारिश में भींगते हुए खड़े बच्चों को देखकर गांव लोगों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए बारी-बारी से उन्हें नदी पार कराया। वैसे कबीरधाम जिले में इस मानसून सीजन में अब तक 883.9 मिमी बारिश हो चुकी है। तहसीलवार देखे तो सबसे ज्यादा बारिश कुकदूर क्षेत्र में 1379.2 मिमी, पिपरिया क्षेत्र में 1129.9 मिमी, रेंगाखारकला क्षेत्र में 1093.5मिमी, बोड़ला क्षेत्र में 897.8 मिमी, कवर्धा क्षेत्र में 818.6 मिमी, कुंडा क्षेत्र में 602.2 मिमी, पंडरिया क्षेत्र में 595.3 व सहसपुर लोहारा तहसील क्षेत्र में 554.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
20
