रायगढ़। जिले के लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तराई माल स्थित NRVS प्लांट में शुक्रवार सुबह जोरदार धमाका होने से हड़कंप मच गया। हादसे में चार श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें प्रारंभिक उपचार के बाद रायगढ़ के ओपी जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उनकी हालत नाजुक देख रायपुर रेफर किया गया है।
विस्फोट इतना तेज था कि आसपास का इलाका भी दहल गया और प्लांट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। घटना आज सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फर्निश यूनिट के भीतर अचानक ब्लास्ट हुआ, जिससे काम कर रहे श्रमिक इसकी चपेट में आ गए।
धमाके की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद से प्लांट प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन सकते में हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि गांव के कई घरों की खिड़कियां तक हिल गईं और लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा विभाग की टीम धमाके के कारणों की जांच में जुटी है।
45
