बालोद। हाई स्कूल मोखा से चोरी हुए कंप्यूटर संबंधी उपकरणों की बरामदगी करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बीट प्रणाली की प्रभावी कार्यवाही से यह सफलता मिली है।
मामले में प्रार्थी नरेंद्र कुमार साहू, निवासी चिरईगौड़ी एवं शिक्षक, हाई स्कूल ग्राम मोखा ने 12 अगस्त 2025 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 11 और 12 अगस्त की दरम्यानी रात में स्कूल के कंप्यूटर कक्ष से अज्ञात चोरों ने कंप्यूटर मॉनिटर, सीसीटीवी मॉनिटर, सीपीयू, यू.पी.एस., कीबोर्ड और माउस चोरी कर लिया है।
शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज के निर्देशानुसार बीट प्रणाली के तहत चोरी गए सामान और अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
इसी दौरान जानकारी मिली कि आरोपी वासुदेव सिन्हा और उसका साथी लोमेश यादव उर्फ गोलू (दोनों निवासी ग्राम मोखा) संदिग्ध रूप से खर्च कर रहे हैं। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया और बताया कि चोरी का सामान उन्होंने चेतन यादव, लक्ष्मीनारायण यादव (दोनों निवासी साल्हेटोला) एवं दीपक कुरेटी (निवासी जंगलीभेजा) को बेच दिया था।दोनों मुख्य आरोपियों के बयान के आधार पर कंप्यूटर मॉनिटर, सीसीटीवी मॉनिटर, सीपीयू और कीबोर्ड जब्त किए गए, जबकि यू.पी.एस. को उन्होंने पुलिस के भय से नहर में फेंक देने की बात स्वीकार की।चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की गई है।
