क्रेडिट लिमिट बढ़ाने के नाम पर 81 हजार रुपये की ठगी, दिल्ली से आरोपित गिरफ्तार

by Kakajee News

भोपाल । भोपाल साइबर क्राइम पुलिस ने दिल्ली से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने केडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के लिए एक सेल्समैन से बैंक से संबंधित जानकारी ली और उसके खाते से करीब 81 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। गिरफ्तारी के बाद आरोपित से साइबर पुलिस पूछताछ कर रही है कि वह कितने लोगों के साथ ठगी कर चुका है। आरोपित के मोबाइल फोन व पासबुक को जब्त कर लिया गया है।
एएसपी सायबर क्राइम अंकित जायसवाल के मुताबिक मंडीदीप की एक कंपनी में सेल्समैन का काम करने वाले व्यक्ति ने पिछले दिनों शिकायत की थी कि उसके पास एक फोन आया। आरोपित ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताकर उससे क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और कार्ड को अपडेट कराने के लिए कहा। बाद में आरोपित ने कार्ड का नंबर और ओटीपी पूछा। ओटीपी बताने पर उनके खाते से करीब 81 हजार 550 रुपये कट गए। साइबर क्राइम डीएसपी नीतू सिंह ने बताया कि तकनीकी जांच के आधार पर जानकारी मिली कि खाते से निकाले गए रुपये दो अलग-अलग बैंक वॉलेट में जमा हुए हैं। पुलिस ने वॉलेट धारक और उपयोगकर्ता के मोबाइल नंबर की जानकारी जुटाई। बाद में दिल्ली के जगतपुरी निवासी फुरकन खान को हिरासत में लेकर भोपाल लाया गया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह कपड़े सिलाई का काम करता है। उसी ने बैंक कर्मचारी बनकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपित पहले भी ऐसी ही वारदातें कर चुका है। आरोपित लोगों का पैसा अपने खाते में ट्रांसफर करने के बाद एटीएम के माध्यम से पैसे निकाल लेता था। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर उसके साथियों का नाम पता करने की कोशिश कर रही है।

Related Posts

Leave a Comment