लॉकडाउन के पक्ष में नहीं छत्तीसगढ़ सरकार, सीएम बोले-लॉकडाउन से लोगों की छिन जाती है रोजी-रोटी

by Kakajee News

प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मद्देनजर रविवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेश के सभी जिलों की स्थिति की समीक्षा करेंगे। पिछले दो दिनों से एक हजार से अधिक मामले आ रहे हैं।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के साथ मंत्री और आला अफसर भी मौजूद रहेंगे। हालांकि, राज्य सरकार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल लॉकडाउन नहीं लगेगा। इस संबंध में सीएम भूपेश ने शनिवार को बिलासपुर में कहा कि मैं लाॅकडाउन के पक्ष में नहीं हूं, इससे लोगों की रोजी-रोटी छिन जाती है। कोरोना गाइडलाइंस का सख्ती से पालन होना चाहिए ताकि कोरोना से भी लड़ सकें और रोजी रोटी का नुकसान भी न हो। वहीं कृषि मंत्री रविंद्र चौबे का कहना है कि प्रदेश में घबराने जैसी बात नहीं है। कोरोना के गाइडलाइन का सभी पालन करें।
फिलहाल हम प्रदेश में लॉकडाउन जैसे कदम नहीं उठाने जा रहे हैं, लेकिन लोगों को सतर्क रहना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ने सीएम की बैठक के लिए कुछ प्रस्ताव तैयार किए हैं। इसमें सीमावर्ती जिलों में कोरोना जांच अनिवार्य करना भी शामिल है। यही नहीं, जिन इलाकों में कोरोना से मौत हुई है, वहां रेंडम जांच करने की योजना है।
सीएम बघेल रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव जिले में अतिरिक्त सतर्कता और सख्ती बरतने के लिए दिशा निर्देश दे सकते हैं। कोरोना के सबसे ज्यादा मामले इन्हीं तीनों जिलों में आए हैं। राज्य में कोरोना संक्रमण में वृद्धि को देखते हुए चिकित्सक बार-बार चेतावनी दे रहे हैं कि अभी भी सबको कोरोना अनुकूल व्यवहार करने की जरूरत है। दरअसल, पिछले कुछ दिनों में राज्य के कुछ जिलों में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं। इन मामलों को देखते हुए कुछ जिलों में जिला प्रशासन ने सख्ती भी शुरू कर दी है।संक्रमण वाले इलाके को कंटेनमेंट जोन बनाने का आदेश जिला प्रशासन की तरफ से पहले ही जारी किया जा चुका है।

Related Posts

Leave a Comment