बाराबंकी के रफी नगर रेलवे स्टेशन के पास रेल ट्रैक के बीच में एक विवाहिता की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह उधर से गुजरे ग्रामीणों ने खून से सना शव देखा तो दहशत में आ गए। हत्या से पहले संघर्ष के निशान भी मौके पर मौजूद मिले। रेप की आशंका जताई जा रही है। मसौली पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मसौली थाना क्षेत्र में रफी नगर रेलवे स्टेशन के निकट हौजपुर गांव के पास दोनों रेल लाइन के बीच एक विवाहिता का खून से सना हुआ शव देख कर उधर से गुजरे ग्रामीण ठिठक गए। युवती की गला रेत कर हत्या की गई। आसपास खून बिखरा था, जबकि थोड़ी दूर पर चाकू पड़ा हुआ था। घटना से गांव में दहशत है। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर मसौली व जहांगीराबाद के साथ-साथ जीआरपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मृतका की शिनाख्त मसौली थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी के रूप में की गई।
सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस:
हत्या के मामले में कार्रवाई करने के बजाय दोनों थाने की पुलिस व जीआरपी काफी देर तक सीमा विवाद में उलझी रही। बाद में मसौली पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घटनास्थल पर मिले संघर्ष के निशान:
घटनास्थल पर काफी दूर तक खून के निशान मिले हैं। हाथ ही टूटी हुई चूड़ी भी मिली। घटनास्थल को देखने से स्पष्ट था कि हत्या से पहले विवाहिता ने जान बचाने के लिए हत्यारों से संघर्ष किया था।
घटनास्थल पर मिले किसी और के चप्पल:
घटनास्थल पर पुलिस को टूटी चूड़ियों के अलावा युवती के चप्पल डिब्बा दुपट्टा और किसी अन्य व्यक्ति का एक चप्पल भी मिला है। पुलिस ने इन साक्ष्यों को अपने कब्जे में ले लिया। मृतका के घर पहुंची पुलिस ने उसका मोबाइल कब्जे में लेकर जांच कर रही है। मोबाइल घर में चार्जिंग पर लगा था।
रेप की आशंका:
घटनास्थल पर मिले साक्ष्य और युवती के शरीर के निचले हिस्से से कपड़ा हटा होने के रेप की आशंका भी जताई जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बड़े आराम से भाग निकले कातिल:
वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे बड़े ही आराम से निकल गए। रफी नगर रेलवे स्टेशन के पास लगे पोल और अन्य जगहों पर हत्यारों द्वारा खून से सने हाथ पोछे जाने के निशान मौजूद थे। वहां से कुछ दूर स्थित हौजपुर गांव के पास खून के धब्बे मिले हैं।
मौके पर पहुंचे फॉरेंसिक टीम:
घटनास्थल पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अवधेश सिंह, सीओ राम नगर भी पहुंचे और हत्या के संबंध में जानकारी ली। मौके पर पहुंची डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अवधेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतका के पिता ने दी गई तहरीर में बताया कि सुबह उनकी पुत्री शौच के लिए गई थी। सुबह 7:30 बजे उसका शव मिला है। उन्होंने तहरीर में अज्ञात लोगों द्वारा पुत्री की हत्या की बात कही है।
