छत्तीसगढ़ में हाथियों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हाथी इन दिनों खूब उत्पात मचा रहे हैं। रविवार को भी हाथियों ने एक युवक को मार डाला। युवक अपने खेत में धान की फसल देखने गया था। अचानक पहुंचे हाथियों ने उस पर हमला कर दिया है। मामला प्रतापपुर वन परिक्षेत्र का है।
युवक की मौत की खबर लगते ही ग्रामीण नाराज हो गए और उन्होंने मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को घेर लिया। ग्रामीण का आरोप है कि वन विभाग की टीम उन्हें हाथियों के मूवमेंट की जानकारी नहीं देती है। बताया गया है कि इस क्षेत्र में 33 हाथियों का झुंड अब भी घूम रहा है।
रविवार सुबह ददुरापारा निवासी वीरसाय कंवर (40) सुबह 6 बजे अपने खेत में धान की फसल देखना गया था। वीरसाय का खेत जंगल से लगा हुआ है। इसी दौरान कुछ हाथी जंगल की तरफ से आए, वीरसाय कुछ कर पाता इसके पहले ही हाथियों ने वीरसाय को उठाकर पटका दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद हाथी वापस जंगल की ओर चले गए। इसके बाद आसपास के ग्रामीणों ने देखा की वीरसाय का शव वहीं पर खेत के पास पड़ा हुआ है। जिस पर उन्होंने इस बात की जानकारी गांव के लोगों को दी। गांव वालों की ही सूचना पर वन विभाग की टीम फिर मौके पर पहुंची।
