जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। कोरोना महामारी के खिलाफ शुरू हुए टीकाकरण अभियान से कोरोना भी पस्त हो चला है। सोमवार को कोरोना का एक भी संक्रमित मरीज सामने नहीं आया। वहीं मंगलवार को अभी तक किसी नए संक्रिमत के मिलने की खबर नहीं है। वहीं टीकाकरण महाभियान के चौथे चरण में स्वास्थ्य विभाग का फोकस दूसरी डोज का लक्ष्य पूरा करने पर है। यानी जो लोग टीके की पहली डोज लगवा चुके हैं उन्हें दूसरी डोज लगवाकर सुरक्षा चक्र पूरा करना है। टीकाकरण महाभियान के तहत अभी तक जिले में 26 लाख 71 हजार आबादी को टीका लगाया जा चुका है। सोमवार को जहां 19 हजार 410 लोगों का टीकाकरण किया वहीं मंगलवार को भी टीकाकरण किया जा रहा है।
आठ दिनों में एक लाख 72 हजार को लगा टीका : टीकाकरण महाभियान के तहत बीते आठ दिनों में डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों को टीका लगाया गया। 27 सितंबर से चार अक्टूबर तक महाभियान के तहत एक लाख 72 हजार 771 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जा चुका है। इस तरह जिले में कुल टीकाकरण की संख्या 26 लाख 71 हजार 322 पर पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी टीकाकरण अभियान जारी रहेगा।
टीकाकरण पर रहा जोर : कलेक्टर कर्मवीर शर्मा द्वारा भी टीकाकरण पर खास जोर दिया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनसुनवाई व अन्य कार्य से आने वाले लोगों से कोरोना से बचाव के टीके की जानकारी ले और यदि किन्हीं कारणवश वे प्रथम डोज से छूट गए हो तो उन्हें टीका लगवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अभी खरीफ उपार्जन का पंजीयन चल रहा है, इस दौरान संबंधित अधिकारी किसानों को मैसेज करें कि वे रजिस्ट्रेशन के पहले टीका जरूर लगवाएं। नवंबर के आखिरी सप्ताह तक सभी को दूसरा डोज लगवाना सुनिश्चित करें।
