बिलासपुर। Covid 19 in Bilaspur: कोरोना संक्रमण से जिन लोगों का देहांत हुआ है,उनके स्वजनों के लिए राहत वाली खबर है। केंद्र सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने बैंक खाते में राशि जमा कराना शुरू कर दिया है। जिला प्रशासन ने 389 पीड़ित परिवार के बैंक खाते में एक करोड़ 94 लाख 50 हजार रुपये की राशि जमा कराई गई है। त्योहार के ठीक पहले प्रशासन के इस पहल से पीड़ित परिवार को राहत मिलेगी।
मालूम हो कि शीर्ष अदालत के निर्देश पर केंद्र सरकार ने कोरोना से जिन लोगो का देहांत हुआ है उनके स्वजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए देश के सभी राज्य सरकारों को निर्देश जारी किया है। इसी के तहत जिले में जिनकी कोरोना संक्रमण से मौत हुई है,पीफिट परिवार से आवेदन जमा करने के बाद सहायता राशि देने का काम किया जा रहा है। ऐसे पीड़ित परिवार जिनको सहायता राशि अब तक नहीं मिल पाई है उनको सम्बंधित तहसीलदार व अनुविभागीय अधिकारी से सम्पर्क करने को कहा जा रहा है। शीर्ष अदालत के निर्देश पर पीड़ित परिवार को 50 हजार रुपये की सहायता राशि बैंक खाते में जमा कराई जा रही है।
सहायता राशि के लिए एक हजार से ज्यादा आवेदन
बिलासपुर अनुविभाग के अंतर्गत तकरीबन एक हजार 300 से अधिक आवेदन पीड़ितों ने आवेदन जमा किया है। आवेदनों की जांच के लिए स्क्रूटनी कमेटी का गठन किया गया है। समिति में एसडीएम अध्यक्ष, तहसीलदार सचिव और नगर निगम कमिश्नर व तीन चिकित्सकों को सदस्य बनाया गया है।
