भोपाल गौतम नगर थाना इलाके में गुरुवार रात को दो बदमाशों ने अपने ही साथी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। युवक एक अपराधिक मामले में जमानत कराने के लिए साथियों से रुपये की मांग कर रहा था। इस बात को लेकर तीनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
गौतम नगर थाना पुलिस के मुताबिक शाहरुख उर्फ शाहरुख आरटीओ पुत्र मुन्नो खान (35) शारदा नगर, नारियलखेड़ा में परिवार के साथ रहता था। वह आपे आटो चलाता था। आपराधिक प्रवृत्ति के शाहरुख की इलाके के बदमाश फैजान और जावेद से दोस्ती थी। फैजान और जावेद पर कई मामले दर्ज हैं। गुरुवार रात करीब 11 बजे तीनों मोहल्ले में बने श्मशान घाट के पास शराब पी रहे थे। इस दौरान शाहरुख ने फैजान के साथ मिलकर किए गए एक चाकूबाजी के मामले में जमानत कराने के लिए रुपये मांगे। इस बात को लेकर तीनों में विवाद होने लगा। इस दौरान जावेद ने शाहरुख को पकड़ लिया, जबकि फैजान ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल हुए शाहरुख को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। वहां कुछ देर बाद शाहरुख ने दम तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने फैजान पुत्र लाडले मियां और जावेद पुत्र मट्टू मियां को गिरफ्तार कर चाकू बरामद कर लिया है। मृतक शाहरुख के पिता आरटीओ एजेंट हैं। इस वजह से शाहरुख को लोग शाहरुख आरटीओ के नाम से बुलाते थे।
यह था विवाद का कारण प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि 30 सितंबर को गौतम नगर थाना इलाके में फैजान ने एक अन्य शाहरुख नाम के युवक को चाकू मारा था। इसमें फैजान के साथ शाहरुख उर्फ आरटीओ का भी नाम सामने आया था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इस केस में जमानत कराने के लिए शाहरुख आरटीओ फैजान और जावेद से रुपयों की मांग कर रहा था।
