उपेन्द्र डनसेना
रायगढ़। रायगढ़ शहर से महज 10 किलोमीटर दूर चिराईपानी में आज तड़के उस वक्त अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई जब सड़क एक भारी भरकम दंतैल हाथी ने दस्तक दे दी। रायगढ़-खरसिया मार्ग में अचानक हाथी के आ जाने से इस मार्ग में आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। इस दृश्य का वीडियो वहां लगे एक सीसीटीवी फुटेज में कैद हो हुआ है जिसमें हाथी सड़क में चहल कदमी करते हुए दिखाई दे रहा है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अपने दल से बिछड़ा एक दंतैल हाथी पिछले 3 से 4 दिनों से टीपाखोल के जंगलों में विचरण कर रहा था। सोमवार की रात यह दंतैल गांव में प्रवेश कर उत्पात मचाने के बाद जिंदल एयरपोर्ट गेट के पास पहुंच गया था। इस दौरान वन विभाग के टीम के द्वारा काफी देर तक उस पर निगरानी रखी गई थी इस दौरान भी इस मार्गं में भारी वाहनों का आवागमन कुछ देर तक बाधित रहा। इस दौरान देर रात तकरीबन 3 बजे के आसपास यह हाथी वापस टीपाखोल के जंगलों में लौट गया था।
गुरूवार के तड़के साढ़े 4 बजे टीपाखोल से निकलकर यह जंगली हाथी सड़क किनारे होते हुए चिराईपानी के पास पहुंच गया और काफी देर तक सड़क किनारे विचरण करता रहा। जिससे इस मार्ग में वाहनों का परिचालन घंटो प्रभावित रहा। सड़क में हाथी के आने का वीडियो फुटेज वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। जिसमें देखा जा रहा है कि सड़क किनारे से निकलकर हाथी सड़क में आता है और वहां सड़क किनारे खड़े टेªलर में बैठे कुछ लोगों के द्वारा हाथी का वीडियो भी बनाया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने यह दंतैल हाथी काफी देर तक यहीं सड़क किनारे रहा और उसके बाद चिराईपानी नर्सरी की ओर आगे बढ़ गया है। इस क्षेत्र में हाथी आगमन के बाद इस मार्ग से गुजरने वाले राहगिर भी अब इस मार्ग में आवाजाही करने से डरने लगे हैं। चूंकि दिन भर जंगलों में रह ने के बाद यह जंगली हाथी रात होते ही सड़क किनारे या फिर रिहायशी क्षेत्र में पहुंच रहा है जिससे यहां जनहानि होने की घटना बनी हुई है।
पर्यटक भी हाथी आगमन से दहशत में
लंबे अर्से बाद टीपाखोल में जंगली हाथी के दस्तक से आसपास के गांवो सहित शहरवासी भी दहशत में आ गए हैं। चूंकि बरसात के दिनों में टीपाखोल और परसदा वाटर फाॅल में शहरवासी भारी संख्या में यहां की खूबसूरत वादियों का लुत्फ उठाने यहां पहुंचते हैं। मगर इस क्षेत्र में अब हाथी के दस्तक से लोग यहां जाने से कतराने लगे हैं।
यहां देखे वीडियो…
