रायगढ़। सोमवार की सुबह तेज रफ्तार पिकअप ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते बाईक सवार चार लोगों को जोरदार ठोकर मार दी। इस दुर्घटना में बाईक सवार दो की मौत हो गई वहीं दो बच्चे के अलावा पिकअप घायल हो गया है। जिनका उपचार अस्पताल में जारी है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह तकरीबन साढ़े 8 बजे लैलूंगा मार्ग में एक पिकअप और बाईक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। पिकअप चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाईक सवार चार लोगों को ठोकर मारते हुए सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गई। इस घटना में बाईक सवार युवक सुखसागर पिता रामलाल सिदार 29 साल की मौत हो गई वहीं अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी बहन लक्ष्मी सिदार पति ब्रजमोहन सिदार 35 साल की भी मौत हो गई। जबकि महिला के दोनों बच्चों के पैर में गंभीर चोटें आई है। इसके अलावा पिकअप चालक को गंभीर चोट लगने की वजह से उसे रायगढ़ जिला अस्पताल रिफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि बाईक सवार युवक सुखसागर सिदार निवासी कठरापाली अपनी बहन लक्ष्मी सिदार और उनके दो बच्चों को बाइक में बैठाकर बैहामुडा से कठरापाली ले जा रहा था। इसी दौरान यह दुर्घटना घटित हो गई। बहरहाल इस मामले में घरघोड़ा पुलिस पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
