भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस ने लूट की गंभीर घटना को अंजाम देकर फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में कार्य करते हुए पुलिस ने आरोपी कमल यदू (उम्र 21 वर्ष), निवासी ग्राम फरहदा को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 फरवरी की रात लगभग 2:15 बजे प्रार्थी मन्नू साहू, निवासी ग्राम अर्जुनी, जब मोटरसाइकिल से ग्राम डिग्गी से लौट रहा था, तभी ग्राम फरहदा के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसका रास्ता रोका। आरोपियों ने फरसानुमा हथियार दिखाकर प्रार्थी को डराया, मारपीट की और उसके पास से 70,000 की नगदी लूट कर फरार हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 311, 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 12 घंटे के भीतर एक आरोपी भुनेश्वर उर्फ गब्बर वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि दूसरा आरोपी फरार था।
लगातार दबिश और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर पुलिस को सफलता मिली और आरोपी कमल यदू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी के पास से लूटी गई रकम में से ₹10,000 बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई कर रही है। आम जनता ने पुलिस की इस त्वरित और प्रभावशाली कार्यवाही की सराहना की है तथा आशा जताई है कि इसी तरह ग्राम बोरतरा में हुई चोरी और सट्टा कारोबार से जुड़े फरार आरोपियों पर भी जल्द कार्यवाही होगी।
60
