29
बालोद। जिले के दल्ली राजहरा-महामाया माइंस रोड पर सोमवार सुबह एक दंतेल हाथी के अचानक सामने आ जाने से अफरा-तफरी मच गई। सामने से हाथी को अपनी ओर आते देख एक हाईवा ट्रक चालक घबरा गया। चालक ने तुरंत सूझबूझ से हाईवा ट्रक को रिवर्स कर पीछे किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना के बाद इलाके में हाथी की मौजूदगी से दहशत का माहौल है। राहगीरों ने हाथी की तस्वीर मोबाइल कैमरे में कैद की, जो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। बताया जाता है कि यह हाथी नलकसा और कुमुड़कट्टा होते हुए बोइरडीह साइड की तरफ गया। घटना दल्ली राजहरा वन परिक्षेत्र के बोइरडीह पंपहाउस के पास दर्ज हुई है।
वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। क्षेत्र में हाथी की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए समय-समय पर अलर्ट जारी किया जा रहा है।
