रायगढ़। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रतिष्ठा पूर्ण चुनाव के चौथे चरण के चुनाव की वोटिंग आज बुधवार सुबह दस बजे इण्डियन स्कूल एसईसीएल कालोनी रोड में शुरू हुई। सुबह से ही इंडियन स्कूल के पास जबरजस्त चुनावी माहौल देखने को मिला। व्यापारी एकता पैनल और जय व्यापार पैनल की तरफ से अपने-अपने मतदाताओं को वोट देने के लिए प्रत्याशियों ने अपना अंतिम जोर लगाया। पहली बार छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स चुनाव के दौरान रायगढ़ में हो रही वोटिंग किसी बड़े चुनाव से कम नजर नही आ रही थी। चूंकि मतदान स्थल के पास जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले मतदाताओं को रिझाने के लिए दोनों पैनल के प्रत्याशी लगे हुए थे। इतना ही नही खाने-पीने से लेकर उन्हें लाने ले जाने की व्यवस्था देखते ही बनती थी। एक दो बार तो स्थिति तनाव पूर्ण भी हुई यहां तक इस चुनाव में भी फर्जी मतदान देखने को मिला। बाद में मामला उलझने से पहले सुलझा लिया गया।
रायगढ़ के युवा अधिवक्ता बाबूलाल अग्रवाल ने पूरे चुनाव के दौरान पूर्व चुनाव आयोग टीएन सेशन की भूमिका को फिर से याद दिला दिया। वहीं पुलिस की तरफ से खाकी व्यवस्था की गई थी। देर शाम तक चार बूथों में 674 मत डाले जा चुके थे। चुनाव को निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए रायपुर से केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में अनिल जैन और मनमोहन अग्रवाल ने चुनाव स्थल पर अपनी नजर बनाए रखी है। यह मतदान आज सुबह 10 बजे से शुरू हुआ और समाचार लिखे जाने तक अंतिम बचे हुए मतदाताओं को लाने के लिए जोर लगाया जा रहा था।
छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स के चुनाव में रायगढ़ के सुशील रामदास प्रदेश उपाध्यक्ष प्रत्याशी वहीं उनके साथ शक्ति अग्रवाल प्रदेश मंत्री के रूप में व्यापारी एकता पैनल के कलश छाप चुनाव चिन्ह को लेकर चुनावी मैदान में हैं वहीं जय व्यापार पैनल की तरफ से प्रदेश जिला उपाध्यक्ष के पद पर तरूण अग्रवाल वहीं प्रदेश जिला मंत्री के पद पर अमित रतेरिया मैदान में उतरे हैं। मजे की बात यह है कि दोनों ही पैनलों ने बीते एक महीने से पूरे जिले में विधानसभा की तर्ज पर चुनाव प्रचार करते हुए जो माहौल बनाया है उसको लेकर व्यापारियों में भी अपने-अपने मताधिकार को लेकर जोश देखने को मिला। बहरहाल देखना यह है कि 21 मार्च को होने वाली मतगणना के बाद जीत का सेहरा किसके सिर पर बंधता है यह परिणाम बताएंगे।
322
